रोस्टर जारी होते ही नगर परिषद में गर्माने लगा चुनावी माहौल
शुरू हुआ बैठकों का दौर, प्रत्याशियों के नाम की चर्चा भी शुरू

मनाली(नितिन शर्मा): रोस्टर जारी होने से पर्यटन नगरी मनाली में चुनावी माहौल गर्माने लगा है। शहर में बैठकों का दौर शुरू हो गया है। शहरी भाजपा और कांग्रेस ने मतदाताओं की जानकारी जुटाना शुरू कर दी है। मनाली का वार्ड एक जनरल महिला के लिए, दो तीन व चार व सात वार्ड ओपन महिला पुरूष, वार्ड पांच अनुसूचित जाति की महिला, वार्ड छः अनुसूचित जनजाती महिला के लिए आरक्षित है। हालांकि नगर परिषद के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद को लेकर रोस्टर जारी नही हुए है जिस कारण कई धुरंधर अभी मैदान में उतरने की रणनीति बना रहे है। पिछले कुछ दिनों से मनाली में राजनीतिक माहौल गर्माने लगा है तथा कांग्रेस व भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकार्ताओं की बैठकों का क्रम भी शुरू हो गया है। इससे पहले 2015 में नगर परिषद मनाली का अध्यक्ष पद जनरल श्रेणी के लिए था। इस चुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने पांच दो से बाजी मारी थी। प्रत्याशियों शवनम तनवर व नीना ठाकुर में ढाई ढाई साल अध्यक्ष पद के लिए सहमति हुई। लेकिन प्रदेश में भाजपा सरकार बनते ही नीना ठाकुर व अनिता ठाकुर ने भाजपा का दामन थामा और नप अध्यक्ष पद पर भाजपा ने कब्जा कर लिया। हालांकि अभी मतदाताओं की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है लेकिन अभी के आंकड़ों के अनुसार साढ़े चार हजार से अधिक मतदाता मनाली में सात वार्ड के प्रत्याशियों का चयन करेंगे। मनाली भाजपा अध्यक्ष मनोज ने बताया कि बैठकों का दौर शुरू हो गया है। सभी की सहमति से प्रत्याशियों के चयन किये जाएंगे। दूसरी ओर शहरी कांग्रेस अध्यक्ष तारु नेगी ने बताया कि।सभी के सहयोग से विचार विमर्श करने के बाद जनाधार वाले प्रत्याशी को ही मैदान में उतारा जाएगा।